- खंडामौदा चौक के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग 49 (NH-49) पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। यह हादसा खंडामौदा चौक के समीप उस समय हुआ जब गामारिया पंचायत के मालहुआ (राजबांध) गांव निवासी युगल माईती सड़क पार कर रहे थे। जानकारी के अनुसार युगल माईती रोज की तरह सुबह दूध देने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने अपनी साइकिल सड़क किनारे खड़ी की और पैदल ही राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने लगे। इसी दौरान बहरागोड़ा से कोलकाता की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर बाजार में साइकिल दुकान में लगी आग, समय रहते बड़ा हादसा टला
अस्पताल ले जाने के दौरान बुजुर्ग की मौत, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एनएच एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल युगल माईती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने बताया कि टक्कर के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।























