- अमृत स्टेशन योजना के तहत तमलूक और हल्दिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास
- तीसरी रेल लाइन और नई सिग्नलिंग प्रणाली शुरू
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता से वर्चुअल माध्यम के जरिए कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं के शुरू होने से पूर्वी भारत में रेल अवसंरचना को मजबूती मिलने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित तमलूक रेलवे स्टेशन और हल्दिया रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया गया। दोनों स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यहां बेहतर प्रतीक्षालय, साफ-सुथरे प्लेटफॉर्म, दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच, विस्तृत परिसंचरण क्षेत्र और आकर्षक नया स्वरूप तैयार किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन सुविधाओं से यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और नागरिक भी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : Muri : आंदोलनकारियों को सम्मान और अधिकार देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध – सुदिव्य सोनू
अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों को मिला आधुनिक स्वरूप
रेल संपर्क को और मजबूत करने के उद्देश्य से बेलदा रेलवे स्टेशन और दांतान रेलवे स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन भी राष्ट्र को समर्पित की गई। इस नई लाइन के शुरू होने से इस सेक्शन में ट्रेनों की आवाजाही सुगम होगी और यात्री व मालगाड़ियों के संचालन की क्षमता में वृद्धि होगी। इसके अलावा कलाईकुंडा रेलवे स्टेशन से कनिमाहुली रेलवे स्टेशन के बीच ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली की भी शुरुआत की गई है। इस आधुनिक प्रणाली से ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए संचालन क्षमता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। रेलवे के अनुसार इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बेहतर संपर्क व्यवस्था विकसित होगी, जिससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

























