- पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश सारंगी ने बढ़ाया समारोह का उत्साह
- पूर्व मंत्री डॉ. सारंगी ने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की शिक्षा उपलब्धियों की सराहना की
- सिल्वर जुबली समारोह में छात्र-छात्राओं ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने शनिवार को अपने 25 वर्षों के गौरवशाली सफर को यादगार बनाने के लिए सिल्वर जुबली (रजत जयंती) समारोह का भव्य शुभारंभ किया। विद्यालय परिसर को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया और उत्सव का रंग देखते ही बन रहा था। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश सारंगी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर और आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ा कर की गई। इस मौके पर विद्यालय परिवार ने अपनी 25 वर्षों की उपलब्धियों और शिक्षा में समर्पण को याद किया।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में क्रिसमस की रौनक, चर्चों की सजावट जोरों पर
समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. दिनेश सारंगी ने विद्यालय के शानदार सफर और समाज के प्रति इसके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा, “विद्यालय का इतिहास और इसकी सामाजिक प्रतिबद्धता अत्यंत प्रेरणादायक है। बेहतर बुनियादी ढांचे के साथ छात्रों को उच्च स्तरीय शिक्षा देना जरूरी है। इसके साथ ही शिक्षकों की मेहनत और संस्कृति को संरक्षित रखने वाले प्रयासों को हमेशा याद रखना चाहिए।” उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों के समर्पण और प्रत्येक वर्ष बेहतर परीक्षा परिणाम देने के लिए उनके योगदान की भी प्रशंसा की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक गंभीर घायल
सिल्वर जुबली समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी उपस्थितों का मन मोह लिया। इसके अलावा समारोह में विशेष स्मारिका (Souvenir) का विमोचन भी किया गया, जिसमें विद्यालय की 25 वर्षों की यादें और उपलब्धियां संजोई गई हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. संजय गिरी, सचिव राशु भुइयां, डॉ. दीपा पटनायक और प्रधानाध्यापक सुजल भोल के साथ-साथ सुशील बेरा, चंडी साधु, सपन मन्ना, बाबू साहू, निरंजन मंडल, कोची बंध, गौरब भोल, बिनेश महतो, मीनाक्षी मंडल, मुनमुन साहा और चंचल मंडल सहित कई विशिष्ट अतिथि, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।
























