- तीन राज्यों के संगम पर सजा विशाल बाजार, उमड़ी खरीदारों की भीड़
- प्रशासनिक निगरानी में शुरू हुआ हावड़ा हाट
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के ऐतिहासिक सैरत भूमि पर मकर संक्रांति के अवसर पर प्रसिद्ध हावड़ा हाट का भव्य आगाज हुआ। तीन राज्यों झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के मिलन स्थल पर स्थित यह हाट अपनी अलग पहचान रखता है। इस वर्ष हाट का संचालन विशेष प्रशासनिक निगरानी में किया जा रहा है। जिला परिषद द्वारा तीन बार टेंडर निकाले जाने के बावजूद कोई संवेदक सामने नहीं आया, जिसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रखंड प्रशासन स्वयं राजस्व वसूली की जिम्मेदारी निभा रहा है। प्रशासन ने हाट परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में बढ़ते अपराध के खिलाफ जेडीयू प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
600 से अधिक व्यापारियों ने लगाए स्टॉल, क्षेत्र में उत्साह
त्रिवेणी संगम के समीप लगने वाले इस हाट में इस वर्ष कोलकाता सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 600 से अधिक व्यापारियों ने कपड़े, घरेलू सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के स्टॉल लगाए हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों की संख्या में खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष हावड़ा हाट 72 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली को लेकर सुर्खियों में रहा था। स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए यह हाट किसी महाकुंभ से कम नहीं है। हाट के शुभारंभ से पूरे क्षेत्र में उत्साह और रौनक का माहौल देखा जा रहा है।
























