- बहरागोड़ा में सेवा और सम्मान के साथ मनाया गया पर्व, जरूरतमंदों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बहरागोड़ा बाजार स्थित महिला कल्याण समिति परिसर में सेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल देखने को मिली। पूर्व विधायक सह झामुमो के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने बुधवार को क्षेत्र के 100 गरीब और जरूरतमंद रिक्शा चालकों को वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम के तहत सभी रिक्शा चालकों को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से गंजी और ट्राउजर प्रदान किए गए। ठंड के मौसम में यह सहयोग पाकर रिक्शा चालकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की खुले दिल से सराहना की। आयोजन का माहौल पूरी तरह से उत्सवपूर्ण और भावनात्मक रहा, जहां जरूरतमंदों के सम्मान को प्राथमिकता दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की चपेट में आकर किसान की मौत
मकर संक्रांति पर सामाजिक सेवा की प्रेरक पहल
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा में निहित है। उन्होंने कहा कि रिक्शा चालक समाज के ऐसे कर्मठ लोग हैं, जो दिन-रात मेहनत कर लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने आगे कहा कि समाज तभी मजबूत बनता है जब हम एक-दूसरे का साथ देते हैं। कार्यक्रम में कई स्थानीय नेता और समाजसेवी भी शामिल हुए। मुख्य रूप से बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, गुड्डू शुक्ला, तपन कुमार ओझा, चीकू गोस्वामी, सुदीप पट्टनायक, मिंटू पाल, सागीर हुसैन, जगन्नाथ नायक और बाबू माईती की उपस्थिति रही। सभी ने इस आयोजन को प्रेरणादायक बताया।
























