- मोधाबेड़ा में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बालू माफियाओं में हड़कंप
- पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रशासन की नई रणनीति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15,000 क्यूबिक फीट अवैध बालू जब्त किया है। यह कार्रवाई ग्राम मोधाबेड़ा में की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से बालू का स्टॉक जमा किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर बहरागोड़ा अंचलाधिकारी और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से रणनीति बनाकर छापेमारी की। तीन अलग-अलग स्थानों पर की गई जांच में भारी मात्रा में बालू का अवैध भंडारण पाया गया। मौके पर मौजूद लोग बालू के स्वामित्व या परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे अवैध कारोबार की पुष्टि हुई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बर्मामाइंस में टाटा स्टील क्वार्टर से लाखों की चोरी, इलाके में दहशत
अवैध खनन पर प्रशासन की बढ़ती सख्ती
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने भारी मशीनों की सहायता से जब्त बालू को सुरक्षित रूप से अंचल कार्यालय परिसर में स्थानांतरित कराया। इस मामले में पुलिस ने बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 88/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में नरेन मुंडा, संजय नायक और दुर्गा मुंडा का नाम सामने आया है, जो कथित रूप से इस अवैध भंडारण में शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अवैध बालू उत्खनन के मामले दर्ज हो चुके हैं और वे न्यायिक हिरासत में जा चुके हैं। पुलिस ने नामजद आरोपियों के साथ-साथ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : न्यू उलीडीह में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़
बालू माफियाओं के नेटवर्क की जांच तेज
प्रशासन ने इस कार्रवाई के बाद साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध खनन और भंडारण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंचलाधिकारी ने कहा कि अवैध बालू कारोबार न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सरकारी राजस्व की भी भारी क्षति करता है। ऐसे माफियाओं के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी और कठोर कदम उठाए जाएंगे। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
























