- बहरागोड़ा प्रखंड के गोप टोला में आज भी नहीं पहुंची पक्की सड़क, विकास के दावों की खुली पोल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड की पाथरा पंचायत अंतर्गत नाकदोहा गांव के गोप टोला की तस्वीर आज भी बेहद चिंताजनक है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी यहां के सैकड़ों ग्रामीण एक पक्की सड़क के लिए तरस रहे हैं। सरकार की ओर से हर गांव को सड़क से जोड़ने के दावों के बीच नाकदोहा गांव की जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग नजर आती है। गांव तक पहुंचने के लिए लगभग दो किलोमीटर लंबी कच्ची और जर्जर सड़क ही एकमात्र रास्ता है, जो बरसात के दिनों में कीचड़ और फिसलन से भर जाती है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और आवश्यक सामान लाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : कपाली में लापता छात्र का शव मिलने से मचा हड़कंप, इलाके में शोक और आक्रोश
ग्रामीण सोरोज सिंह, मनमत सिंह, रबी सिंह और ललन पातर ने बताया कि वे वर्षों से सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। संबंधित विभागों को कई बार लिखित आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्यालय के पास स्थित पक्की सड़क से गोप टोला होते हुए मुख्य मार्ग तक सड़क का निर्माण करा दिया जाए, तो लगभग 500 से 1000 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।
























