- प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बताया जा रहा, पुलिस ने शुरू की जांच
- इंचड़ासोल में किराए के मकान से मिला युवक का शव
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के इंचड़ासोल में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब ओडिशा के झारपोखरिया निवासी 24 वर्षीय युवक मैक्स मिलन राणा का शव किराए के मकान में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक यहां रहकर काम कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को युवक के पास से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान हुई। दस्तावेजों के अनुसार उसका वर्तमान पता बोरागाड़िया पंचायत के केंदुडीहा गांव का था, जबकि मूल निवास ओडिशा के झारपोखरिया में है। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, वहीं पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़ी बातों की भी पड़ताल कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : किशोरी की मौत से गांव में शोक की लहर
परिजनों ने शव लेने से किया इनकार, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
बुधवार को पुलिस के प्रयास से मृतक के मामा और अन्य परिजन बहरागोड़ा थाना पहुंचे, लेकिन स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। मामा पक्ष और पैतृक परिवार, दोनों ने लिखित आवेदन देकर स्पष्ट किया कि वे अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी नहीं लेंगे। परिजनों के इस फैसले के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही एक स्थानीय सामाजिक संस्था को सूचना दी गई है, ताकि पोस्टमार्टम के बाद युवक का अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक कराया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























