- तकनीकी समस्याओं के कारण पोर्टल पर लॉगिन नहीं, कॉलेज की त्रुटि बताई गई मुख्य वजह
- अगले सत्र से छात्रवृत्ति प्रक्रिया सुचारू करने की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों के वे विद्यार्थी, जो ओड़िशा के मयूरभंज जिले स्थित सीमांत फ़ार्मास्यूटिकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं, शनिवार को झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी से मिले और छात्रवृत्ति आवेदन में आ रही गंभीर तकनीकी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विद्यार्थियों ने बताया कि झारखंड सरकार के पोर्टल पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण वे लॉगिन तक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करना संभव नहीं हो रहा है। छात्रों ने बढ़ती परेशानियों की जानकारी देते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री षाड़ंगी ने विभागीय मंत्री चमरा लिंडा से दूरभाष पर बात कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की बात कही।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसील में 107 पदों की बहाली पर बड़ा विवाद, नरवा पहाड़ विस्थापित हुए एकजुट, आंदोलन की चेतावनी
कॉलेज की चूक सामने आने के बाद मिला समाधान का भरोसा
इसी क्रम में विभागीय सचिव कुलदीप चौधरी ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2024–25 के लिए Affiliation Certificate समय पर जमा नहीं करने की गलती कॉलेज की है, जिसके कारण छात्रों के आवेदन रुके हुए हैं। इस पर कुणाल षाड़ंगी ने कॉलेज के प्रिंसिपल से बात की। प्रिंसिपल ने आश्वासन दिया कि एक से दो दिनों के भीतर विभाग को आवश्यक आवेदन भेज दिया जाएगा, जिससे आगामी वित्तीय वर्ष 2025–26 में छात्रवृत्ति प्रक्रिया पुनः सुचारू रूप से शुरू हो सकेगी। विद्यार्थियों के साथ बिबेक माइति, अभिषेक दे, तमन्ना प्रधान, प्रिया माइति और स्वीटि घोष उपस्थित रहे।
























