जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के सांड्रा पंचायत अंतर्गत पूर्णाडीही गांव में शनिवार सुबह तीन जंगली हाथियों के पहुंचने से हड़कंप मच गया। हाथियों को खेतों और जंगल के किनारे घूमते देख किसान खेतों से भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को आबादी से दूर करने का प्रयास शुरू कर दिया। इस घटना से गांव के लोग दहशत में हैं और फसल पर भी खतरा मंडरा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला अनुमंडल में आन्दोलनकारियों की बड़ी बैठक, सरकार से रखीं कई अहम मांगें
ग्रामीणों ने की सुरक्षा की मांग
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं और जंगल में लकड़ी या मशरूम इकट्ठा करने से बचें। विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि सावधानी बरतने से किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सकता है। वहीं, क्षेत्रवासी मांग कर रहे हैं कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि गांव में शांति लौट सके।
























