- मांदर की थाप और सखुआ की खुशबू में सांस्कृतिक रंगों से सजा आदिवासी पर्व
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड कार्यालय के समीप पवित्र जाहेरगाड़ में रविवार को 39वां सेरम पुराव दिशुवा बाहा बोंगा उत्सव मनाया गया। सफ़ेद और लाल पाड़ की साड़ियों में सजी महिलाओं और पारंपरिक परिधानों में पुरुषों के समूह ने उत्सव को जीवंत बना दिया। युवतियों ने अपने जूड़ों में सखुआ (शाल) और महुआ के फूल सजाकर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जाहेरथान में नायके बाबा और माझी बाबा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और अच्छी फसल के लिए ईश्वर से आशीर्वाद माँगा।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : दिशोम जाहेरगढ़ में पारंपरिक बाहा बोंगा पर्व धूमधाम से सम्पन्न
प्रकृति की पूजा और लोकगीतों ने उत्सव को जीवंत बनाया
कार्यक्रम की भव्यता तब और बढ़ गई जब स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। समिति द्वारा उनका स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। उनके साथ शंकर प्रसाद कुशवाहा (थाना प्रभारी), असित मिश्रा (बीस सूत्री अध्यक्ष), प्रो. श्याम मुर्मू, रासबिहारी साऊ, विशु ओझा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि बाहा उत्सव केवल एक त्यौहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है, क्योंकि प्रकृति हमारे जीवन में सर्वदा ऊर्जा प्रदान करती है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा थाना परिसर में शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा और भव्य रुद्र यज्ञ
विधायक ने बाहा उत्सव को प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बताया
उत्सव के सफल आयोजन में गुरुचरण मंडी, दुर्गा प्रसाद हांसदा, कुंवर लाल मंडी, शीतल हेंब्रम, विधान चंद्र मंडी, रस राज टुडू, मान सिंह सोरेन और नंदलाल कुमार जैसे सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज और नृत्य के माध्यम से समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने इस पर्व के माध्यम से आदिवासी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का संकल्प लिया।






















