दुर्गा पूजा के मौके पर घटी दर्दनाक घटना, परिवार और गांव में पसरा सन्नाटा
जबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत वृंदावनपुर गांव में दुर्गा पूजा की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तीन वर्षीय मासूम बच्चे जोजो की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना मंगलवार को पश्चिम बंगाल के बलियाबढ़ा थाना क्षेत्र के तेतूलिया गांव में हुई, जहां जोजो अपने मामा के घर आया हुआ था। जानकारी के मुताबिक, बच्चा घर के पास खेल रहा था और खेलते-खेलते अचानक तालाब में चला गया। किसी को भनक तक नहीं लगी और जब वह काफी देर तक नजर नहीं आया तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला। आनन-फानन में परिजन उसे गोपीबल्लापुर सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
इसे भी पढ़ें : Tamilnadu : चेन्नई थर्मल प्लांट हादसा : 30 फीट ऊंचा स्लैब गिरने से 9 मजदूरों की मौत, 1 घायल
खेलते-खेलते तालाब में डूबा मासूम, अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि
मृतक जोजो, वृंदावनपुर निवासी कपड़ा व्यवसायी रवि शंकर प्रधान का इकलौता पुत्र था। चार साल पहले हुई शादी के बाद परिवार में जोजो की ही किलकारियां गूंज रही थीं। उसकी असमय मौत ने माता-पिता को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में हर कोई परिवार के दुख में शामिल होकर संवेदना जता रहा है। दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर हुई इस हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से परिवार में कोहराम मचा है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
























