- एनएच-49 पर कार की टक्कर से घायल महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
- गांव में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के गम्हरिया चौक के समीप एनएच-49 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में काठुलिया (कैमी) गांव की रहने वाली चिंतामणि नायेक (चित्रा) की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वह अपने बड़े बेटे स्वपन नायक के साथ बाइक से ओडिशा जा रही थीं। परिवार में छोटे बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी और उसी सिलसिले में वे लड़की देखने जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया चौक के पास एक तेज रफ्तार मारुति बलेनो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चिंतामणि नायेक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : ईद के दिन कपाली में चाकूबाजी, युवक पर जानलेवा हमला
शादी की खुशियां मातम में बदली, हादसे ने तोड़े सपने
घटना के बाद उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए ओडिशा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। इस दुखद खबर के गांव पहुंचते ही काठुलिया (कैमी) गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और दुख का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
























