- स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री ने स्मृति वाटिका में माला अर्पित की
- स्थानीय लोगों से मुलाकात और समस्याओं के समाधान पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अपने दिवंगत पिता और स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा में उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका में प्रतिमा पर माला अर्पित की और फूल चढ़ाए। इस अवसर पर उन्होंने अपनी दिवंगत मां परमेश्वरी देवी और पत्नी मंजू सिन्हा की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़े भाई सतीश कुमार, परिवार के अन्य सदस्य, रिश्तेदार और करीबी सहयोगी भी मौजूद रहे और दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी।
इसे भी पढ़ें : Patna : 18वीं बिहार विधानसभा की शुरू : विधायकों ने शपथ के साथ विकास, रोजगार और जनसरोकारों पर दिखाया फोकस
मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ अर्पित की श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दौरान गांव के भगवती मंदिर में पूजा-अर्चना की और पास के तालाब में मछलियों को दाना डाला। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गांववालों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण, जितेंद्र कुमार, कौशल किशोर, रुहैल रंजन, विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह, ललन सर्राफ और जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा समेत कई नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
























