- 9 और 10 अगस्त को छात्राओं व महिलाओं को बिहार में सभी सरकारी बसों में निशुल्क सफर की सुविधा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर बिहार सरकार ने महिलाओं और छात्राओं को विशेष तोहफा दिया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से 9 और 10 अगस्त को पूरे राज्य में सभी निगम की बसों में महिलाओं और छात्राओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसको लेकर परिवहन निगम के प्रशासक की ओर से पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया के क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र जारी कर निर्देश दिया गया है। इस योजना के तहत कुल 19 प्रतिष्ठानों से संचालित निगम की बसों में महिलाएं दो दिनों तक बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : झारखंड आंदोलन के नायक निर्मल महतो को बहरागोड़ा में दी गई श्रद्धांजलि
मुफ्त यात्रा का तोहफा राज्य भर में होगी लागू
परिवहन निगम द्वारा 7 अगस्त को पत्रांक 3339 के माध्यम से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बसों में पहले से ही 65% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। अब रक्षाबंधन के अवसर पर दो दिनों तक महिलाओं और छात्राओं को बसों में पूरी तरह से मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा। यह सुविधा निगम के अंतर्गत आने वाले सभी छह क्षेत्रीय कार्यालयों के अधीन संचालित बसों पर लागू होगी। पिछले कुछ वर्षों की तरह इस बार भी सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं की सुविधा को प्राथमिकता दी है, जिससे बहनें अपने भाइयों के पास आसानी से यात्रा कर सकें।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा बटालियन के दो जवान घायल, रांची एयरलिफ्ट
महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा, सफर में सुरक्षा और सुविधा की नई पहल
बिहार सरकार ने इस साल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए “पिंक बस सेवा” की शुरुआत भी की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 16 मई को राजधानी पटना में इस सेवा की शुरुआत की थी। इस बस सेवा की खासियत यह है कि इसमें केवल महिलाएं ही सफर करती हैं और कंडक्टर भी महिला होती है। फिलहाल यह सेवा राजधानी में शुरू हुई है और भविष्य में इसे अन्य जिलों में भी शुरू करने की योजना है। पिंक बस सेवा और रक्षाबंधन की निशुल्क यात्रा दोनों ही पहलें महिलाओं के लिए एक सकारात्मक संदेश हैं।


























