- पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में देर रात हुई दुर्घटना, 24 से अधिक ट्रेनें प्रभावित
- कई एक्सप्रेस और वंदे भारत ट्रेनों का मार्ग बदला
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बिहार : जमुई जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हुआ, जब एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। इस दुर्घटना के कारण हावड़ा–पटना–दिल्ली रेल मार्ग पर रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गईं। अधिकारियों के अनुसार यह हादसा रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत लाहाबन और सिमुलतला रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, इस दुर्घटना के चलते करीब 24 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनें घंटों तक विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं, वहीं यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सरायकेला आगमन, क्षेत्रीय विकास के लिए ऐतिहासिक अवसर
जमुई रेल हादसे से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
पूर्व रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसनसोल, मधुपुर और झाझा स्टेशनों से दुर्घटना राहत ट्रेनें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल लाइन को जल्द से जल्द बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण कई एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया और कई को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में 12369 हावड़ा–देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, 13105 सियालदह–बलिया एक्सप्रेस, 13030 मोकामा–हावड़ा एक्सप्रेस और कई मेमू ट्रेनें शामिल हैं। वहीं 12305 हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 22347 हावड़ा–पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, 22500 वाराणसी–देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस, 22499 देवघर–वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस और 13332 पटना–धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस को धनबाद–गया समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है।


























