- शराब माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस से दहला गोपालगंज, कार्रवाई में जुटी पुलिस
जेपी लाइव, रिपोर्टर
बिहार के गोपालगंज जिले के विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां सिपाया पॉलिटेक्निक के पास शराब तस्करों ने उत्पाद विभाग की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक होमगार्ड जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि जब उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करों का पीछा कर रही थी, उसी दौरान तस्करों ने हमला कर दिया और जवानों को धक्का देकर गिरा दिया। घायल जवान को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : टीपीएस डीएवी पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति से सराबोर हुआ माहौल
कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुआ जवान, तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज
घटना की जानकारी मिलते ही उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार तस्करों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह हमला गोपालगंज में शराब माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाता है। पुलिस ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।


























