- फुटबॉल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता बनी हादसे का कारण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र के बेलडीह पंचायत के जोबा गांव स्थित फुटबॉल मैदान में सोमवार को युवा कमेटी द्वारा आयोजित काड़ा (भैंसा) लड़ाई प्रतियोगिता के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब एक बजे चल रही लड़ाई में एक उग्र भैंसा ने दूसरे को मैदान से बाहर खदेड़ दिया। इसी दौरान भागते हुए भैंसा ने गांव निवासी 55 वर्षीय सुभाष कर्मकार को सींग से उठाकर पटक दिया और उनके 15 वर्षीय बेटे सागर कर्मकार पर भी हमला कर दिया। इस हमले में सागर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके एक पैर की हड्डी टूट गई। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सुभाष की मौत हो गई। बेटे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका के 130 जन वितरण प्रणाली दुकानदार हुए हाईटेक, मिली 4G ई-पॉश मशीन
भैंसा लड़ाई में पिता-पुत्र पर हमला, पिता की मौत
सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद भी मेला जारी रहा और दो जोड़े की लड़ाई और कराई गई। हालांकि, सूचना पाकर दोपहर करीब ढाई बजे बोड़ाम पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को खदेड़कर मेला बंद कराया। पुलिस ने सुभाष के शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि उन्हें मेला के आयोजन की कोई जानकारी नहीं थी और यह गुप्त तरीके से आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति के बारे में पता लगाया जा रहा है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा NH-49 पर सड़क हादसा : दो बाइक और साइकिल की भिड़ंत में पांच घायल, तीन की हालत नाजुक
प्रतिबंध के बावजूद जारी है भैंसा लड़ाई का आयोजन
सूत्रों के मुताबिक, झारखंड समेत पूरे देश में भैंसा लड़ाई पर प्रतिबंध है और प्रशासन से इसकी अनुमति नहीं दी जाती। इसके बावजूद पटमदा, कमलपुर और बोड़ाम थाना क्षेत्र के अलावा पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के विभिन्न गांवों में यह आयोजन लगातार होता रहता है। आयोजक किसी तरह का पर्चा नहीं छपवाते बल्कि यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए प्रेमियों को सूचित करते हैं। अधिकांश आयोजन ऐसे स्थानों पर किए जाते हैं जो दो थाना क्षेत्रों या राज्यों की सीमा पर स्थित होते हैं, ताकि प्रशासन को इसकी भनक न लगे। सोमवार को आयोजित मेला भी पटमदा थाना क्षेत्र के लेकड़ो गांव से सटा हुआ था, लेकिन क्षेत्र बोड़ाम थाना के अंतर्गत आता है। इस घटना ने एक बार फिर ऐसे आयोजनों की सुरक्षा और वैधता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
























