- तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज ने खोला केस, पुलिस ने बरामद किए हत्या में प्रयुक्त हथियार और सामान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाकुलिया थाना क्षेत्र में 16 नवंबर को हुए सुनील महतो हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नीरज बेरा को पश्चिम बंगाल के झारग्राम बाजार स्थित न्यू रेणु लॉज से स्थानीय पुलिस की सहायता से गिरफ्तार किया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड, मृतक का मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद किया गया है। यह मामला वादिनी बुलु रानी महतो के लिखित बयान पर चाकुलिया थाना कांड संख्या 81/2025 के रूप में दर्ज हुआ था, जिसमें उन्होंने बताया था कि अज्ञात अपराधी ने उनके पुत्र पर घातक हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और मोबाइल व मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी प्रखंड में पुल निर्माण अधर में, बांकाई–कोतोपा मार्ग पर बढ़ा खतरा — कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और अनुमंडल पुलिस अधिकारी, घाटशिला के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पुलिस निरीक्षक, धालभूमगढ़ के नेतृत्व में तकनीकी विश्लेषण, मानवीय आसूचना और सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच करते हुए आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। जांच में यह सामने आया कि नीरज बेरा वारदात के बाद लगातार अपने ठिकाने बदलकर पश्चिम बंगाल के झारग्राम और आसपास के क्षेत्रों में छिपा हुआ था। पुलिस ने रणनीतिक तरीके से उसके संभावित ठिकानों की निगरानी की और अंततः उसे झारग्राम के रघुनाथपुर स्थित एक लॉज से पकड़ा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : SIR सत्यापन में मतदाताओं को होने वाली परेशानी पर भाजपा नेता ने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप का किया अनुरोध
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की स्वीकारोक्ति और निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल मिट्टी लगा लोहे का रॉड, मृतक का मोबाइल फोन (रियलमी), Honda SP 125 मोटरसाइकिल (JH05DC-5369), चाभी और खून से सना कपड़ा बरामद किया। उसके पास से ओप्पो मोबाइल, सिम कार्ड, मृतक की मोटरसाइकिल की चाभी और खून लगा नीला जैकेट भी मिला। सभी सामानों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी संतोष कुमार, एसआई अजित कुमार, एसआई कबिन्द्र पोद्दार, एएसआई पीताम्बर मंडल और महिला पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
























