- अज्ञात वाहन की टक्कर से रांची निवासी युवक की गई जान, परिवार में मातम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर घोड़लीली के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रांची निवासी पुनीत कांगड़ (38) की मौत हो गई। बताया गया कि पुनीत जमशेदपुर से रांची लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत चांडिल थाना पुलिस को दी और प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल को एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : शीतलहर के कारण जिले के कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश
एनएच-33 पर बढ़ते सड़क हादसे, सुरक्षा पर सवाल
मृतक पुनीत कांगड़ रांची के नामकुम स्थित श्रीनगर कॉलोनी के रहने वाले थे और नामकुम के एक निजी स्कूल में कार्यरत थे। वे जमशेदपुर के मानगो जवाहर नगर रोड नंबर-6 स्थित अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। परिजनों के साथ कार से आने के बाद वे देर रात बाइक से अकेले रांची लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर रात परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। बताया गया कि पुनीत परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनके पीछे पत्नी व एक छोटा बच्चा है। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर, चांडिल थाना पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।
























