- मुर्गा पाड़ा आयोजन के दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं
- पुलिस ने इलाके में बढ़ाई सुरक्षा, छापेमारी जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के चीलगु गांव में बुधवार देर शाम सनसनीखेज वारदात हुई, जब कुख्यात अपराधकर्मी विजय तिर्की की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब गांव में मुर्गा पाड़ा का आयोजन चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों के अनुसार विजय तिर्की भी इस आयोजन में शामिल होने पहुंचा था। तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि उसे कई गोलियां लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इसे भी पढ़ें : Potka : विद्या भारती इंग्लिश स्कूल हाता का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गोलीबारी से आयोजन स्थल पर मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे समेत अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। साथ ही आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और आयोजन में शामिल लोगों की सूची खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक विजय तिर्की का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में कई मामलों में संलिप्त रहा है। इलाके में उसकी पहचान एक सक्रिय अपराधकर्मी के रूप में थी।
इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : वन्यजीव संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल को मिला सम्मान
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए अहम साक्ष्य
हत्या के पीछे आपसी रंजिश, गैंगवार या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस संभावित हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द उद्भेदन किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
























