- छपरा के ऐतिहासिक बाबा धर्मनाथ धनी मंदिर में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- स्थानीय लोगों की नाराजगी के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
छपरा : सारण जिले के छपरा शहर के प्राचीन और ऐतिहासिक बाबा धर्मनाथ धनी मंदिर में बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर में घुसकर दान पेटी से नगदी और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दान पेटी से नगदी और आभूषण गायब थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। पुजारी ने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी और इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी। इस चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया और शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सावधान! पूरे कोल्हान में पड़ रही हाड़ कंपाने वाली ठंड
धर्मस्थलों में बढ़ते अपराधों को लेकर चिंता
मंदिर प्रमुख धार्मिक स्थलों में शुमार है और यहां रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। घटना की सूचना मिलते ही सारण के एसएसपी डॉ. कुमार आशीष मंदिर परिसर पहुंचे और पुजारी व मंदिर प्रबंधन से पूरी जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि मंदिर से कीमती जेवरात और नगदी चोरी हुई है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने मंदिर परिसर में साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। फिंगरप्रिंट, टूटे ताले और प्रवेश-निकास बिंदुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है ताकि चोरों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : कपाली ओपी में चोरी का 48 घंटे में खुला राज, खुद पीड़िता के बेटे ने रची थी साजिश
फॉरेंसिक जांच से मंदिर चोरी का पर्दाफाश जल्द
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर और आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती। नियमित गश्ती न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोग आरोप लगा रहे हैं कि यदि समय रहते निगरानी बढ़ाई जाती, तो इतनी बड़ी चोरी टाली जा सकती थी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।
























