- अचानक मोड़ लेते हाइवा से टकराई तेज रफ्तार एलपीटी 407
- पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर शुरू की जांच
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा मोड़ स्थित पावर ग्रिड के सामने गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बालू से भरे हाइवा और एलपीटी 407 ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई, जिसके बाद सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बालू लदा हाइवा मुख्य सड़क से अचानक बाईं ओर सर्विस रोड की ओर मुड़ गया। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एलपीटी 407 उसके इस मोड़ का अंदाज़ा नहीं लगा सकी और सीधे हाइवा के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एलपीटी 407 का चालक अपने केबिन में बुरी तरह फंस गया और गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर फिर लापरवाही, गिरा स्ट्रीट लाइट पोल
तेज रफ्तार और अचानक मोड़ बना हादसे का कारण
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जुटे और काफी प्रयास के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि हाइवा चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक मोड़ क्यों लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























