- जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि
- युवा वर्ग की सक्रियता लोकतंत्र की मजबूती का संकेत, वरिष्ठ नागरिक भी सूची में शामिल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
45-घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में आगामी उपचुनाव के दृष्टिगत निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस संबंध में समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने जानकारी दी कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावों और आपत्तियों का निपटारा 25 सितंबर तक कर लिया गया था और 29 सितंबर 2025 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। इस प्रक्रिया में फॉर्म-6 के अंतर्गत 5325 आवेदन आए, जिनमें से 5171 स्वीकार हुए, जबकि फॉर्म-7 के 750 में से 715 और फॉर्म-8 के 3677 में से 3645 आवेदन स्वीकार किए गए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पाचंडो गांव में विजयदशमी पर मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन, सिंदूर खेला में उमड़ी महिलाओं की भीड़
मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया पूरी, दावों-आपत्तियों का निपटारा संपन्न
अंतिम सूची के अनुसार क्षेत्र में कुल 2,55,823 मतदाता दर्ज हैं, जो प्रारंभिक सूची की तुलना में 4,456 अधिक हैं। इसमें पुरुष मतदाता 1,24,899 और महिला मतदाता 1,30,921 हैं, जबकि तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 3 है। जिले में 18–19 वर्ष आयु वर्ग के 16,178 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जो पिछले चरण की तुलना में 21.57 प्रतिशत अधिक हैं। इसी तरह विकलांगजन मतदाता 2,735 तक पहुंच गए हैं, सेवा मतदाता 368 दर्ज हैं और 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 629 है। निर्वाचन क्षेत्र का लैंगिक अनुपात अब 1048 पर पहुंच गया है और EP Ratio 63.84 तक सुधार हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : महानवमी पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक पूर्णिमा दास साहू ने किया कन्या पूजन
महिला और युवा मतदाताओं की संख्या बढ़ी, लैंगिक अनुपात और EP Ratio में सुधार
आयु वर्गानुसार वितरण में सबसे अधिक मतदाता 30–39 वर्ष आयु समूह में हैं, जिनकी संख्या 69,650 है। वहीं 20–29 वर्ष आयु वर्ग में 61,378 और 40–49 वर्ष आयु वर्ग में 45,732 मतदाता दर्ज हैं। वरिष्ठ नागरिकों में 70–79 वर्ष के 7,567, 80–89 वर्ष के 1,545 और 90 वर्ष से अधिक आयु के 193 मतदाता शामिल हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यह सूची पारदर्शी और सटीक निर्वाचन प्रक्रिया को सुनिश्चित करती है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नाम और विवरण की जांच कर लें तथा आगामी चुनाव में लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
























