जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला प्रखंड के काशिदा पंचायत अंतर्गत माहलेड़ीह गाँव में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर रहा. यहाँ दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया. ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया.

श्रद्धांजलि के साथ हुई शुरुआत
टूर्नामेंट के उद्घाटन से पहले दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई. साथ ही उपस्थित लोगों ने उनके आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा. आयोजन समिति ने कहा कि यह टूर्नामेंट न सिर्फ खेल का अवसर है बल्कि महापुरुषों की स्मृति को जीवित रखने का माध्यम भी है.
मुख्य अतिथि ने किया उद्घाटन
फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू ने फुटबॉल को कीक मारकर किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में फुटबॉल की परंपरा पुरानी रही है और ऐसे आयोजन युवाओं को नशामुक्त जीवन व खेल भावना से जोड़ने का कार्य करते हैं.

खेल के मैदान पर खिलाड़ियों में उत्साह
टूर्नामेंट में शामिल 32 टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. मैदान में खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया. ग्रामीण महिला-पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में मैच देखने पहुंचे.स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से गाँव के युवा खेल के प्रति प्रेरित होते हैं और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलती है. आयोजन समिति ने भी भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में यह टूर्नामेंट और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा. माहलेड़ीह गाँव का यह फुटबॉल टूर्नामेंट न सिर्फ खेल प्रतियोगिता बल्कि एक सामाजिक उत्सव साबित हुआ. श्रद्धांजलि, खेल भावना और भाईचारे का यह संगम गाँव की एकजुटता और खेल संस्कृति का सशक्त उदाहरण है.
इस अवसर पर झामुमो नेता हम्पा हेम्ब्रम, गोपालपुर मुखिया सांखी हांसदा, महलेड़ीह ग्राम प्रधान संजय मुर्मू, चेंगजोड़ा ग्राम प्रधान भादो मुर्मू, बैद्यनाथ सोरेन, सुखलाल हांसदा, मंगल मार्डी और राहुल सोरेन समेत क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन समिति की सराहना की.
























