जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला मंगलवार को माझी परगाना माहाल भवन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की घाटशिला विधानसभा स्तरीय विशेष बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक की अध्यक्षता विधानसभा प्रभारी जगदीश भकत ने की, बैठक में स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र और झामुमो नेता सोमेश चंद्र सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
सभा स्थल में सुबह से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी. हजारों की संख्या में झंडे-बैनरों और नारों के बीच पहुंचे झामुमो कार्यकर्ताओं ने सभा को उत्साह और जोश से भर दिया.
स्व. रामदास सोरेन की याद में भावुक हुए कार्यकर्ता
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. वक्ताओं ने कहा कि रामदास सोरेन न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि थे, बल्कि वे झारखंड आंदोलन के सच्चे सिपाही भी रहे. उनके अधूरे सपनों और संघर्षों को अब उनका बेटा सोमेश चंद्र सोरेन पूरा करेगा.
सोमेश चंद्र सोरेन का भावुक संबोधन
सभा को संबोधित करते हुए सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा – झारखंड आंदोलन में मेरे बाबा स्व. रामदास सोरेन का जीवन पूरी तरह झारखंड और झारखंडियों के नाम समर्पित रहा. उनके असमय निधन के बाद मुझे उनके दिखाए रास्ते पर चलने और उनके सपनों को साकार करने का अवसर मिला है. सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सहयोग से मैं घाटशिला के विकास व जनहित की दिशा में वही संकल्प लेकर काम करूंगा.सोमेश के इस भावुक वक्तव्य ने सभा में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं को भाव-विभोर कर दिया. लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया.
झामुमो नेता कान्हू सामंत ने दिया स्पष्ट संदेश
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि घाटशिला विधानसभा की जनता आज भी स्व. रामदास सोरेन के कार्यों और संघर्षों को याद करती है. उनके नेतृत्व में जिस तरह विकास और जनहित के कार्य हुए, उसी दिशा को अब सोमेश सोरेन आगे ले जाएंगे.
प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू ने यह भी स्पष्ट किया कि यह बैठक केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि स्व. रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को साकार करने की शपथ सभा है.
सभा में झामुमो महिला नेत्री गीता माहली,प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू,छाया रानी भकत,मरिया दास, काजल डॉन,पूर्व जिला परिषद सदस्य बेलोबोती मुर्मू, युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष विक्टर सोरेन,झामुमो नेता कान्हु सामंत,जिला संयोजक बागराय मार्डी, वरिष्ठ आंदोलनकारी रामदास हांसदा और वरिष्ठ नेता हरीश भकत ने भी सभा को संबोधित किया.
चारों प्रखंडों से जुटे हजारों कार्यकर्ता
बैठक में घाटशिला, धालभुमगढ़, मुसाबनी और गुड़ाबांधा प्रखंड से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे. महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की भीड़ ने सभा स्थल को जनसैलाब में बदल दिया.वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि झामुमो कार्यकर्ता अब पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर सोमेश चंद्र सोरेन को विधानसभा तक पहुंचाएंगे.यह बैठक केवल एक औपचारिक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक संकल्प सभा साबित हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने यह ठाना कि घाटशिला विधानसभा में स्व. रामदास सोरेन के अधूरे कामों को आगे बढ़ाया जाएगा और जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा.
उपस्थित झामुमो कार्यकर्त्ता सत्यजीत कुंडू, भरत मुर्मू, संजीवन पातर, कान्हु टुडू, गौरांग माहली, चेतन मुर्मू, विक्रम टुडू, सुखलाल हांसदा, वकील हेंब्रम, रतन महतो, बेलबूटी मुर्मू, फुलमनी टुडू, सोमाय टुडू, शैलेन्द्र बास्के, राम कर्मकार, चारों प्रखंड अध्यक्ष – दुर्गा चरण मुर्मू (घाटशिला), अर्जुन चंद्र हांसदा (धालभुमगढ़), प्रधान सोरेन (मुसाबनी), सुराई टुडू (गुड़ाबांधा) समेत कई वरिष्ठ नेता और महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित रहे.

























