29 अगस्त को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा फुटबॉल मैदान में आयोजित होगा भव्य श्रद्धांजलि समारोह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला, पूर्वी सिंहभूम झारखण्ड की राजनीति और जनसेवा की धरती ने आज अपने प्रिय नेता, राज्य के कद्दावर मंत्री रहे दिवंगत रामदास सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. फूलडूंगरी स्थित झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं से लेकर स्थानीय नागरिकों तक ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने नेता को याद किया.
सभा के दौरान पूरा वातावरण गमगीन हो गया. उपस्थित लोगों ने कहा कि रामदास सोरेन का जाना सिर्फ झामुमो के लिए ही नहीं बल्कि पूरे झारखण्ड के लिए अपूरणीय क्षति है.
विधायक प्रतिनिधि ने किया श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने का आमंत्रण
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत ने क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि “मंत्री रामदास सोरेन हमेशा झारखण्ड की मिट्टी, यहां के आदिवासी समाज, गरीब और वंचित तबके के लिए लड़ते रहे. उनका जीवन समाज सेवा और संघर्ष को समर्पित था. उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी.”
उन्होंने आगे कहा कि 29 अगस्त 2025 को जमशेदपुर के ग्राम घोड़ाबांधा फुटबॉल मैदान में सुबह 10 बजे से आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में भारी संख्या में लोग शामिल होकर अपने प्रिय नेता को नमन करें.
जनता के दिलों में हमेशा रहेंगे रामदास सोरेन
श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मंत्री रामदास सोरेन न सिर्फ एक राजनेता बल्कि जनता के बीच से निकले हुए सच्चे जननायक थे. उन्होंने झारखण्ड की अस्मिता, आदिवासी अधिकार और सामाजिक न्याय की लड़ाई को हमेशा प्राथमिकता दी.
सभा में जुटे पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता
आज की श्रद्धांजलि सभा में प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा मुर्मू, कोषाध्यक्ष बाबूलाल मुर्मू, कार्यालय सचिव अंकुर कावरी, नगर अध्यक्ष विकास मजूमदार, आनंद गोयल, गोपाल कोयरी, निमाई कालिंदी, सब्यसाची चौधरी, बबलू हुसैन, जोझार सोरेन, जितेन दास सहित अनेक कार्यकर्ता व क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने एक स्वर में मंत्री के आदर्शों और विचारों को आगे ले जाने का संकल्प लिया.
























