जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुडाबाँधा प्रखंड में हाथी के हमले से हुई दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है. बालूजुड़ी गाँव निवासी उप-मुखिया सपन पाल के भाई सरोज पाल की परसों देर रात जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई थी. घटना के बाद से ही गाँव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी मृतक सरोज पाल के घर पहुँचे और परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया. इस दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि शोक की इस घड़ी में वे और उनकी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
कुणाल षाडंगी ने मौके पर मौजूद जिला वन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक घाटशिला, बैंक ऑफ इंडिया ज्वालकाटा शाखा के अधिकारियों एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों से बातचीत की. उन्होंने आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को सरकारी और संस्थागत प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि शोकग्रस्त परिवार को शीघ्र राहत मिल सके.
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मुआवजा प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.
गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों से पूर्वी सिंहभूम और आस-पास के क्षेत्रों में हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों की जान-माल का नुकसान हो रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों के उत्पात पर रोक लगाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के ठोस कदम उठाए जाएँ.
सरोज पाल की असामयिक मृत्यु ने न केवल उनके परिवार को बल्कि पूरे गाँव को गहरे शोक में डाल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम उठाए, तो भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता है.
























