- त्वरित साहस और प्रशासनिक तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
- ग्रामीणों के साहस से आग फैलने से रुकी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड के गोपालपुर स्थित दहीगोड़ा पानी टंकी के समीप आज झाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत अंचल अधिकारी, घाटशिला एवं दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। इसी दौरान उर्मिला सोरेन, सपना सोरेन, भावना सोरेन और हेमाल सोरेन ने बिना घबराए अद्भुत साहस का परिचय दिया। इन ग्रामीणों ने बाल्टी और ड्रम की मदद से लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। उनकी सूझबूझ और तत्परता से आग आसपास के रिहायशी इलाकों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
इसे भी पढ़ें : Potka : नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल गंगाडीह बेड़ा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
दमकल विभाग की तत्परता से हालात हुए काबू में

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। दमकल वाहन के समय पर पहुंचने से आग को जल्द ही पूरी तरह बुझा लिया गया। इस घटना ने ग्रामीणों के साहस, प्रशासन की सक्रियता और दमकल कर्मियों की मुस्तैदी को एक बार फिर साबित कर दिया। मौके पर झामुमो के गोपालपुर पंचायत सचिव सौरव बोस, तपन बेरा सहित कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने मिलकर स्थिति को संभालने में सहयोग किया। सामूहिक प्रयास से एक संभावित बड़ी जनहानि और संपत्ति के नुकसान से बचाव संभव हो सका। ग्रामीणों की हिम्मत और प्रशासनिक त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
























