- केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी रहे मौजूद, आन्दोलनकारियों को पेंशन व बीमा योजना में शामिल करने की उठी आवाज
- उपायुक्त के आश्वासन से आन्दोलनकारियों ने ली राहत की सांस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल के सभी प्रखंडों के आन्दोलनकारी आज धालभूमगढ़ में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में जुटे। बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी भी मौजूद रहे। आन्दोलनकारियों ने सरकार से कई अहम मांगें रखते हुए कहा कि सीधी नियुक्ति योजना में जेल जाने वाले आन्दोलनकारी अपने परिजनों को नामित कर नौकरी का लाभ दिला सकें। इसके अलावा, मुख्यमंत्री गंभीर स्वास्थ्य बीमा योजना में आन्दोलनकारियों को भी शामिल कर 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा लाभ दिया जाए। आन्दोलनकारियों ने यह भी मांग की कि मृत्यु की स्थिति में परिवार को डेथ बेनिफिट मिले। पेंशन को लेकर आन्दोलनकारियों ने वर्ष 2021 से एरियर भुगतान को अस्वीकार करते हुए राज्य गठन के समय से ही पेंशन लागू करने की मांग दोहराई। साथ ही, सेंट्रल जेल रिकॉर्ड (1987–89) में जिन आन्दोलनकारियों के नाम दर्ज नहीं हैं, उन्हें शामिल करने की अपील की गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : करूकोचा में वीर शहीद साबुआ हांसदा का 38वां शहादत दिवस श्रद्धा से मनाया गया
आन्दोलनकारियों ने बीमा योजना और पेंशन व्यवस्था में बदलाव की रखी मांग
बैठक में कुणाल षाडंगी ने आन्दोलनकारियों की समस्याओं को गंभीर मानते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हर जायज मांगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर इन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त से भी वार्ता की गई, जिन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी दो से तीन दिनों में आन्दोलनकारियों के खातों में पेंशन राशि पहुँचा दी जाएगी। इस आश्वासन से आन्दोलनकारियों ने राहत की सांस ली। बैठक में घाटशिला अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों से भारी संख्या में आन्दोलनकारी शामिल हुए और अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
























