- प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो और बन्ना गुप्ता मैदान में सक्रिय
- जादूगोड़ा में कांग्रेस नेता टिक्की मुखी की चुप्पी से उठे सियासी सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की ओर से झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन को जिताने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने घाटशिला में कैंप कर चुनावी रणनीति को धार दी है। प्रदेश नेतृत्व लगातार गांव-गांव जाकर जनता से गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील कर रहा है। कांग्रेस के कार्यकर्ता झामुमो के साथ मिलकर प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं बन्ना गुप्ता के करीबी और जादूगोड़ा क्षेत्र के प्रभावशाली कांग्रेस नेता टिक्की मुखी की निष्क्रियता अब चुनावी चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : हेमंत सरकार में घाटशिला में हुआ अभूतपूर्व विकास – विधायक मंगल कालिंदी
टिक्की मुखी की चुप्पी से कांग्रेस खेमे में खलबली
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि टिक्की मुखी का मैदान से दूर रहना कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है। दलित, मजदूर वर्ग और युवाओं में उनकी मजबूत पकड़ है, जो कई मतदान केंद्रों पर निर्णायक साबित हो सकती है। अब तक किसी भी प्रचार कार्यक्रम में उनकी गैरमौजूदगी ने कयासों को जन्म दे दिया है कि वे किसी नए राजनीतिक समीकरण की तैयारी में हैं या रणनीतिक कारणों से दूरी बनाए हुए हैं। हालांकि, पार्टी सूत्रों का मानना है कि वे जल्द ही अपने रुख को स्पष्ट कर सकते हैं। फिलहाल जादूगोड़ा और आसपास के इलाकों में यह सवाल गूंज रहा है कि — टिक्की मुखी की ‘चुप्पी’ कांग्रेस की रणनीति है या असहमति का संकेत?
























