- कवि प्रसेनजित कर्मकार की कविता संग्रह पर विद्यार्थियों ने की सृजनात्मक समीक्षा
- पुस्तकालय विभाग की पहल से साहित्य में बढ़ी छात्रों की रुचि
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला के संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर में कक्षा नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पुस्तक समीक्षा प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह आयोजन कवि गुरु रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया, जिसमें युवा कवि डॉ. प्रसेनजित कर्मकार की कविता-संग्रह “ईकोज्स आफ लाइफ” को केंद्र बिंदु बनाया गया। शिक्षक प्रभारी अनूप कुमार पटनायक ने बताया कि यह पुस्तक जीवन के विभिन्न भावों और अवस्थाओं का प्रतिबिम्ब है। विद्यार्थियों ने कविता के भाव, शैली, सामाजिक संदेश और रचनात्मकता पर अपने विचार साझा किए।
इसे भी पढ़ें : Bihar : बिहार सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को दो दिन तक मुफ्त बस यात्रा की दी सुविधा
साहित्यिक आयोजनों से बढ़ता विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “ईकोज्स आफ लाइफ” की कविताओं में छिपे गूढ़ जीवन संदेशों का विश्लेषण किया। निर्णायक सायोनी दास, अनिंदिता दे और सुजाता वर्मा ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की गहराई से समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों की साहित्यिक समझ, प्रस्तुति कौशल और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सृजनात्मक सोच और बौद्धिक क्षमताओं को विकसित करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : शहीद निर्मल महतो को बन्ना गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि, दिशोम गुरु को भारत रत्न देने की मांग
साहित्यिक प्रतियोगिताएं: विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का आधार
विद्यालय प्रबंधक सह प्रभारी प्राचार्य ने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया और भविष्य में ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही। इस प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के पुस्तकालय विभाग द्वारा एक अनूठी पहल के रूप में किया गया। शैक्षिक प्रभारी सास्वती राय पटनायक, सह शैक्षिक प्रभारी नीलिमा सरकार एवं प्रबीर सरकार ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
























