- मुख्य अतिथि कुणाल षड़ंगी ने कहा— बच्चों की रुचि ही उनके भविष्य की दिशा तय करे
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : गोपालपुर स्थित देवदूत पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता एवं बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद छात्र–छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों का मन मोह लिया, बल्कि विद्यालय में दिए जा रहे सर्वांगीण शिक्षा के प्रयासों को भी उजागर किया। उत्सव के दौरान बच्चों में आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति की झलक स्पष्ट दिखाई दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, डीसी कार्यालय के समक्ष धरना
वार्षिक उत्सव में बच्चों की सांस्कृतिक झलक

अपने संबोधन में कुणाल षड़ंगी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के समग्र विकास में विद्यालय और अभिभावकों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को समझें तथा उसी के अनुसार उनके भविष्य का मार्गदर्शन करें। उन्होंने कहा कि कई बार अभिभावक अपनी अधूरी इच्छाएं बच्चों पर थोप देते हैं, जो बच्चों की स्वाभाविक प्रतिभा के विकास में बाधा बनती हैं। बच्चों को अपनी पहचान स्वयं बनाने का अवसर मिलना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जया मैडम और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की तथा देवदूत पब्लिक स्कूल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
























