- बाबूलाल सोरेन के समर्थन में निकाला गया भव्य रोड शो, आमजनों ने दिखाया उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला उपचुनाव को लेकर भाजपा ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के समर्थन में भव्य रोड शो किया। रोड शो की शुरुआत जादूगोड़ा स्थित सिदो-कान्हू चौक से हुई, जहाँ हुल क्रांति के नायकों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया गया। वहाँ से रोड शो नवरंग मार्केट, माटीगोड़ा बजरंगबली मंदिर एवं अटल गेट होते हुए राज स्टेट मैदान तक पहुंचा। खुली जीप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही एवं विधायक अमित यादव शामिल थे। रोड शो के दौरान सड़क किनारे खड़े लोगों ने भाजपा के समर्थन में नारे लगाए और नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : बालू लूट और भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा का आह्वान, घाटशिला उपचुनाव में बाबूलाल मरांडी का तीखा हमला
व्यापारियों और आमजनों से मिलकर दास ने मांगा समर्थन
रोड शो के दौरान रघुवर दास और बाबूलाल सोरेन ने बाजार क्षेत्र के दुकानदारों, स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों से मुलाकात की। लोगों ने हाथ हिलाकर और फूल माला भेंट कर भाजपा नेताओं का स्वागत किया। रघुवर दास ने कहा कि घाटशिला की जनता विकास चाहती है, स्थायी समाधान चाहती है और भाजपा ऐसा विकास मॉडल लेकर आई है जो गांव से शहर तक सभी को साथ लेकर चलता है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य का चुनाव है। इसलिए जनता को 11 नवंबर को ईवीएम क्रम संख्या 1 पर कमल छाप का बटन दबाकर विकास के पक्ष में निर्णय करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला उपचुनाव में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांगा समर्थन, तीर-धनुष चिन्ह पर वोट देने की अपील
“निकम्मी और भ्रष्ट सरकार को हटाने का समय आ गया है” — रघुवर दास
झामुमो-कांग्रेस गठबंधन पर हमला बोलते हुए रघुवर दास ने कहा कि छह सालों में हेमंत सरकार ने न विकास किया, न रोजगार दिया, न कानून-व्यवस्था सुधारी। राज्य को घोटालों, दलालों और माफियाओं के हवाले कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जनता इस निकम्मी और वादाखिलाफी वाली सरकार से तंग आ चुकी है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने उपस्थित भीड़ से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाकर झारखंड में विकास की नई कहानी लिखें।
























