- सोमेश चंद्र सोरेन ने किया फाइनल मैच का शुभारंभ, खिलाड़ियों को सराहा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत बांकी पंचायत के ए.वाई.ए. लेदा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। इस अवसर पर दिवंगत मंत्री स्व. रामदास सोरेन के सुपुत्र एवं झामुमो युवा नेता सोमेश चंद्र सोरेन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समिति के सदस्यों ने गुलदस्ता और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि झारखंड में फुटबॉल बेहद लोकप्रिय खेल है और हेमंत सोरेन सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। प्रतिभावान खिलाड़ियों को न केवल पहचान दिलाई जा रही है बल्कि रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : जोड़सा पंचायत मंडप मैदान में धूमधाम से मना करम महोत्सव
झारखंड सरकार खेल और खिलाड़ियों को दे रही बढ़ावा
फाइनल मुकाबले में एसी ब्लैक टेल्को ने प्रकाश एफसी को 2-1 गोल से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1.5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं, सेमीफाइनल में पराजित दोनों टीमों को 80-80 हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष कालीपद गोराई, घाटशिला प्रमुख श्रीमती सुशीला टुडू, प्रखंड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, श्रमिक संघ प्रखंड अध्यक्ष काजोल डॉन, सचिव खुदीराम हांसदा, कोषाध्यक्ष बाबूलाल मुर्मू समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नेता, क्लब पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतियोगिता का सफल आयोजन क्षेत्र की खेल भावना और सामूहिक सहयोग की मिसाल रहा।

























