- दान पेटियों के साथ देवी प्रतिमा के गहनों पर भी हाथ साफ, लाखों की चोरी का अनुमान
- गोपालगंज के प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावें मंदिर में रातोंरात चोरी से क्षेत्र में सनसनी
- मंदिर सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल, प्रशासन ने की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज जिले स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावें दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। अज्ञात चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसकर न सिर्फ दान पेटियों को तोड़ दिया, बल्कि देवी मां को अर्पित किए गए कीमती गहनों पर भी हाथ साफ कर दिया। सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी और मंदिर कर्मियों ने टूटी हुई दान पेटियां और अस्त-व्यस्त सामान देखा, तब चोरी का खुलासा हुआ।
इसे भी पढ़ें : Chhapara (Bihar) : सारण : धर्मनाथ मंदिर में चोरी, नगदी और आभूषण ले उड़े चोर
थावें मंदिर में चोरी से श्रद्धालुओं में फैला आक्रोश

मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर के गर्भगृह और दान कक्ष को निशाना बनाया। देवी मां की प्रतिमा पर चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें मुकुट, हार, झुमके और चांदी का छत्र शामिल है, चोरी कर लिए गए। मंदिर समिति के प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए गहनों की कीमत लगभग 8 से 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। दान पेटियों से निकाली गई नकदी की राशि का सही आंकलन अभी किया जा रहा है, लेकिन इसके भी कई लाख रुपये होने की आशंका जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : कपाली ओपी में चोरी का 48 घंटे में खुला राज, खुद पीड़िता के बेटे ने रची थी साजिश
चोरी की योजना मानी जा रही है पूरी तरह सुनियोजित
घटना की सूचना मिलते ही थावें थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर के ताले, टूटे दरवाजों और आसपास के रास्तों का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को सूचित किया गया और मंदिर परिसर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मंदिर में अस्थायी रूप से सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


























