- पुलिस की त्वरित कार्रवाई में छह मोबाइल बरामद, आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया
- त्वरित कार्रवाई से बढ़ा लोगों का भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा के बड़ाजामदा बाजार में मोबाइल दुकानों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। इस संबंध में बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 अप्रैल 2026 को दर्ज मामले में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी बोकना गांव के निवासी हैं और इन्हें गांव के जंगल से पकड़ा गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पूछताछ के दौरान तीनों नाबालिगों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
इसे भी पढ़ें : Gua : महिला श्रमिकों की अनदेखी पर गुवा में उभरा आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
पुलिस की मुस्तैदी से जल्द सुलझा चोरी कांड
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की मध्य रात्रि को बड़ाजामदा बाजार स्थित दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। इस मामले में 11 अप्रैल को दुकानदारों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अगले ही दिन घटना का खुलासा कर दिया। इस मामले में कांड संख्या 15/26 दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर चाईबासा बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों में राहत की भावना है, वहीं क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना भी की जा रही है।






















