- गुवा शाखा प्रबंधक पर करोड़ों के गबन का मामला दर्ज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ इंडिया गुवा शाखा के पूर्व प्रबंधक सुदीप सिंकु पर करोड़ों रुपए गबन का मामला सामने आया है। वर्तमान शाखा प्रबंधक निलेश कुमार ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि विशेष लेखा परीक्षा रिपोर्ट में गबन का खुलासा हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, सुदीप सिंकु ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के खाते से बिना आदेश के पे ऑर्डर जारी कर राशि का दुरुपयोग किया। प्रारंभिक जांच में करीब दो करोड़ 14 लाख 81 हजार 192 रुपए के गबन की पुष्टि हुई है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला अनुमंडल में आन्दोलनकारियों की बड़ी बैठक, सरकार से रखीं कई अहम मांगें
बैंक की ऑडिट रिपोर्ट से हुआ खुलासा, धोखाधड़ी कर कई खातों में किया गया ट्रांजैक्शन
लेखा परीक्षा में यह भी सामने आया कि 16 जनवरी 2023 को पूर्व शाखा प्रबंधक ने धोखाधड़ी कर अन्नु देवी, मनोज निषाद, पुनामी बोदरा और कन्हैया कुमार साव के खातों में ट्रांजैक्शन किया। बाद में उन सभी खातों से नकदी की निकासी कर ली गई। थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और गबन में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी शाखा प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है और बैंक स्तर पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : करूकोचा में वीर शहीद साबुआ हांसदा का 38वां शहादत दिवस श्रद्धा से मनाया गया
पुलिस जांच में जुटी, घटना से क्षेत्रवासियों में आक्रोश और अविश्वास
बैंक ऑफ इंडिया गुवा शाखा में गबन की इस घटना ने लोगों को मर्माहत कर दिया है। हाल ही में गुवा पोस्ट ऑफिस में हुई हेराफेरी की घटना के बाद यह दूसरा बड़ा वित्तीय घोटाला है, जिससे क्षेत्र के लोग आक्रोशित और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोग बैंकिंग प्रणाली और सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस और बैंक प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ग्राहकों के हितों की रक्षा की जाएगी।
























