- अस्पताल की लापरवाही से टूटा आदिवासी परिवार, पूर्व सांसद ने बंधाया ढांढस
- आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सुधार की उठी मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के बालजोड़ी गांव में घटी एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। असहाय पिता डिंबा चातोम्बा अपनी चार माह की नवजात बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ा तब और बढ़ गई जब अस्पताल प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण पिता को अपनी मृत बच्ची का शव थैली में लेकर रात के अंधेरे में जंगल और पहाड़ी रास्तों से गांव लौटना पड़ा। इस अमानवीय दृश्य ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक गंभीर घायल
सदर अस्पताल की लापरवाही से आदिवासी परिवारों में रोष
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद गीता कोड़ा स्वयं दुर्गम जंगल क्षेत्र में स्थित बालजोड़ी गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली और इसे स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही करार दिया। गीता कोड़ा ने कहा कि एक पिता को अपने नवजात बच्चे का शव इस तरह ढोने के लिए मजबूर होना व्यवस्था की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी सदर अस्पताल में गंभीर लापरवाहियों के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस सबक नहीं लिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : +2 कक्षाएं बंद करने के आदेश से शिक्षकों में बढ़ी चिंता
स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली उजागर करती घटनाएं
पूर्व सांसद ने राज्य सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आज भी स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं और गरीब परिवारों को बुनियादी इलाज के लिए संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि हजारों बच्चे कुपोषण के शिकार हैं, जबकि सरकार उपलब्धियों के दावे कर रही है। गीता कोड़ा ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को वह राज्य स्तर तक उठाएंगी, ताकि भविष्य में किसी गरीब और आदिवासी परिवार को ऐसी अमानवीय पीड़ा न झेलनी पड़े।
























