- पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने ओवरब्रिज निर्माण और ट्रेनों की समयबद्ध संचालन की मांग रखी
- रेलवे प्रशासन ने बड़ाजामदा में सुरक्षा और सुविधा सुधार पर दिखाई तत्परता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मिश्रा ने बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन एवं रेलवे साइडिंग का हाल का निरीक्षण किया। इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने जीएम से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। मधु कोड़ा ने पत्र में उल्लेख किया कि चक्रधरपुर रेल मंडल से प्रतिवर्ष अरबों रुपये का राजस्व प्राप्त होने के बावजूद क्षेत्र के आम और खास यात्रियों को ट्रेनों और स्टेशनों पर पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने बताया कि हावड़ा–बड़बील, हावड़ा–टाटा, हावड़ा–राउरकेला, टाटा–गुवा, टाटा–बड़बील, पुरी–बड़बील एक्सप्रेस और विभिन्न पैसेंजर, डीएमयू एवं ईएमयू ट्रेनें प्रतिदिन 5 से 6 घंटे की देरी से चल रही हैं, जिससे लोगों को भारी असुविधा हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Potka : परीक्षा जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक पड़ाव है – कोवाली थाना प्रभारी
बड़ाजामदा स्टेशन में यात्री असुविधा और ट्रेनों की देरी पर चिंता
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूली बच्चों को रोजाना रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने जीएम से बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन क्षेत्र एवं रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। इस पर जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने आश्वासन दिया कि बच्चों को रेलवे ट्रैक पार न करना पड़े, इसके लिए जल्द ही ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्टेशन के सौंदर्यीकरण का कार्य जिस ठेकेदार को दिया गया था, उसकी गुणवत्ता संतोषजनक न होने के कारण अनुबंध रद्द कर दिया गया है और जल्द ही नया टेंडर जारी कर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में शराब पार्टी के दौरान छह गिरफ्तार, अवैध पिस्तौल और वाहन बरामद
रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की उम्मीद से ग्रामीणों में राहत
निरीक्षण और बैठक के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के साथ सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। वहीं पूर्व जिला परिषद सदस्य शंभू हजरा, अजय सिंह, प्रफुल्ल महाकुड़, मनोज सुल्तानिया, ललिया दास सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने रेलवे प्रशासन से क्षेत्रीय सुरक्षा और सुविधाओं के शीघ्र समाधान की अपील की। जीएम ने सभी मांगों पर ध्यान देने और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। इस निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों और यात्रियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन और उसके आस-पास की समस्याओं का समाधान होगा।
























