- श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्ति के साथ दी मां दुर्गा को भावभीनी विदाई
- गुवा में 34वें वर्ष की बसंती दुर्गा पूजा में उमड़ा भक्तों का सैलाब
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : रविवार देर शाम गुवा के योग नगर स्थित श्री श्री बसंती दुर्गा मां की प्रतिमा का भव्य विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे और भव्य शोभायात्रा के साथ प्रतिमा को गुवा बाजार स्थित कारो नदी के कुसुम घाट तक पहुंचाया। इस दौरान गुवा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की। शोभायात्रा योग नगर से प्रीपेड कॉलोनी, गुवासाई, कल्याण नगर, भट्टीसाई, विवेक नगर, कच्छी धौड़ा, रेलवे मार्केट और रामनगर होते हुए कुसुम घाट पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति भाव देखने लायक था। विसर्जन के दौरान श्रद्धालु डीजे की धुन पर भक्ति गीतों में सराबोर होकर नाचते और गाते हुए आगे बढ़ते रहे।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूरेनियम कामगार यूनियन के फिर महासचिव बने भरत लाल किस्कू, प्रबंधन पर साधा निशाना
गुवा में मां बसंती दुर्गा की शोभायात्रा ने भक्ति का माहौल बनाया
इससे पूर्व महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन किया और मां दुर्गा की प्रतिमा को भावभीनी विदाई दी। रास्ते भर लोग अपने-अपने घरों से निकलकर माता के दर्शन कर नमन करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर कमेटी के संरक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विगत 33 वर्षों से गुवा के योग नगर में विधिवत पूजा का आयोजन लगातार होता रहा है। इस 34वें वर्ष में विशेष तौर पर पूजा आयोजन के साथ माता के जागरण का भी आयोजन किया गया।
इसे भी पढ़ें : Potka : भव्य कलश यात्रा के साथ 16 पहर हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ
महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला में भाग लेकर मां को दी विदाई
अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मां दुर्गा की भक्ति में ही शक्ति है। 33 वर्ष पूर्व गुवा में बसंती दुर्गा पूजा का कोई आयोजन नहीं होता था। कुछ स्थानीय लोगों ने विवेक नगर बंगाली धौड़ा में पूजा की शुरुआत की थी, लेकिन वह बंद हो गया। जनता की मांग और जनकल्याण की भावना से 33 वर्ष पूर्व योग नगर में मां बसंती दुर्गा की पूजा का आयोजन शुरू किया गया, जो आज भी श्रद्धा और भक्ति के साथ लगातार हो रहा है। इस वर्ष के आयोजन में भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा को विसर्जित किया।
























