- राशन सामग्री वितरित कर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस, बच्चों की शिक्षा में मदद का आश्वासन
- पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा जनप्रतिनिधि और प्रशासन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत पंचायत जेटेया के ग्राम बावड़िया मुंडा टोला, बड़ापसिया टोला एवं डुगुड़ वसा में जंगली हाथी के हमले से एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल पाँच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। शुक्रवार (09 जनवरी 2026) को जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु के निर्देश पर एक विधायक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों से मिलने उनके गांव पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें राशन सामग्री प्रदान कर तात्कालिक सहायता उपलब्ध कराई।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका समेत पूर्वी सिंहभूम में 4G ई-पॉस मशीन से मिलेगा राशन
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में विधायक सोनाराम सिंकु पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने मृतकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही विधायक सोनाराम सिंकु ने तुरंत पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को मामले से अवगत कराया था और बाद में स्वयं घटनास्थल पहुँचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की थी। इस अवसर पर नोवामुंडी कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु, पेटेता मुखिया सह प्रखंड उपाध्यक्ष जेना पुरती, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मामूर अंसारी, प्रखंड महासचिव रंजीत गगराई, रूपसिंह लागुरी, रोशन पान, दानिश हुसैन, राजेन गोप, हेमंत लागुरी, सन्नी बोबोंगा, बीरेंद्र हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


























