- जुलूस और प्रार्थना सभा के जरिए दिया गया शांति व प्रेम का संदेश
- समाज में सद्भाव बनाए रखने का लिया संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा स्थित आरसीसी चर्च में खजूर पर्व (पाम संडे) ईसाई समुदाय के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर सुबह से ही चर्च परिसर में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत होली फैमिली स्कूल के सामने हुई, जहां सभी लोग अपने-अपने हाथों में खजूर की डालियां लेकर एकत्रित हुए। इसके बाद प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम आगमन की स्मृति में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए प्रभु की महिमा का गुणगान किया और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Potka : पंचायत भवन मरम्मत में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
पर्व के महत्व पर फादर पास्कल भुइया ने डाला प्रकाश
इस दौरान चर्च के सहायक पल्ली पुरोहित फादर पास्कल भुइया ने खजूर पर्व के महत्व पर विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रभु यीशु के यरूशलेम में विजयी प्रवेश की याद दिलाता है और हमें विनम्रता, सेवा तथा मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। अंत में सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज में भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर राजू समद, थोबियस डुंगडुंग, ओलिवर तिर्की, मार्गरेट तिर्की, दीपिका लकड़ा, हाबिल आइंद, निर्मला लकड़ा, मोना ग्रांट और अलबर्ट डाहांगा सहित कई लोग उपस्थित थे।
























