- अलाव और गर्म कपड़ों की व्यवस्था अब तक नहीं, जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ को लिखा पत्र पर कार्रवाई शून्य
- कुहासा और ठंड से बिगड़ी जनजीवन की स्थिति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा और बड़ाजामदा क्षेत्र में कड़ाके की ठंड ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। रात के तापमान में भारी गिरावट के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक न तो अलाव की व्यवस्था की गई है और न ही जरूरतमंदों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण शुरू हुआ है। इससे राहगीरों, मजदूरों और ग्रामीणों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोग बताते हैं कि हर साल प्रमुख चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था रहती थी, लेकिन इस बार प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय दिखाई दे रहा है। ठंड का प्रकोप बढ़ने के साथ लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : 2 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण का शिलान्यास, विधायक समीर मोहंती ने ग्रामीणों संग की शुभ शुरुआत
अलाव की कमी से बढ़ रही ठंड में जन-पीड़ा
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन की इस लापरवाही पर कड़ा रोष जताया है। अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह पूर्व जिला परिषद सदस्य शंभू हाजरा और सारंडा युवा मोर्चा के अध्यक्ष प्रफुल्लो महाकुड़ ने कई बार लिखित रूप से नोवामुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक को बताया है कि इलाके में ठंड की तीव्रता बढ़ रही है, इसलिए तत्काल अलाव की व्यवस्था की जानी चाहिए। लेकिन कई बार पत्र दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे ग्रामीणों में असंतोष और ज्यादा बढ़ गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : जननायक कुनु बाबू की विरासत को सलाम : पाथरा चौक पर आदमकद प्रतिमा का पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने किया अनावरण
प्रशासन को लिखे पत्र, पर कार्रवाई अब भी शून्य
लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण रात के समय राहगीरों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुवा में तापमान अधिकतम 22 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है, जिससे दिन में भी हल्की ठंड महसूस हो रही है। दूसरी ओर चारों ओर छाए घने कुहासे ने स्थिति और बिगाड़ दी है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है और लोग सुबह-शाम रास्ते में कुछ भी स्पष्ट नहीं देख पा रहे हैं। स्थानीय संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन शीघ्र अलाव और राहत की व्यवस्था नहीं करता, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
























