- 150 लोगों के लिए खड़ा हुए पेयजल संकट, विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग
- टाइमर चोरी से जलमीनार बंद, ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के बिनुवा गांव के 20 घर वाले अंकुआ टोले में लगे सरकारी सोलर जलमीनार का टाइमर बीते माह शरारती तत्वों द्वारा चोरी कर लिया गया। इससे जलमीनार में पानी का प्रवाह पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे टोले के लगभग 150 लोगों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अब ग्रामीण हंसागाढ़ा नदी से पानी लाकर अपनी आवश्यकताएं पूरी कर रहे हैं। समाजसेवी किशोर लोहार ने बताया कि आधी रात में किसी शरारती तत्व ने जलमीनार से टाइमर निकाल दिया, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : NH-49 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
विभाग से समाधान की मांग, फंड मौजूद होने के बावजूद हो रही उपेक्षा
ग्रामीणों ने बताया कि मुखिया फंड और पंचायत समिति फंड में पर्याप्त राशि मौजूद है, जिससे जलमीनार का टाइमर तुरंत लगाया जा सकता था। लेकिन प्रशासनिक उपेक्षा के कारण समस्या लंबित है और लोगों को नियमित कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जलापूर्ति विभाग से अनुरोध किया है कि चोरी हुए टाइमर को जल्द से जल्द बदलकर जलमीनार चालू किया जाए ताकि उन्हें मूलभूत पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।


























