- नरवा पहाड़ व जादूगोड़ा इकाई में सुरक्षा झंडोत्तोलन, 18 दिसंबर को डीजीएमएस करेंगे निरीक्षण
- नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट में सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ
- खदान कर्मियों की सुरक्षा को लेकर विशेष फोकस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा स्थित यूसिल की नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट में 16 से 20 दिसंबर तक 63वें वार्षिक मेटल माइंस खान सुरक्षा सप्ताह की विधिवत शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उपमहाप्रबंधक (खान) मनोरंजन महाली ने नरवा पहाड़ में सुरक्षा झंडा फहराकर किया। इस अवसर पर सुरक्षा अधिकारी के. लाल, डॉ. पी.के. अधिकारी, पी.के. झा, सोमेन त्रिपाठी, एस.के. सिंह एवं श्री खोमराज सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कंपनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कर्मियों ने खदान सुरक्षा को लेकर अपने विचार साझा किए। सप्ताह भर चलने वाले इस सुरक्षा अभियान के तहत कार्य से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कपाली में बड़ी चोरी की वारदात, घर में घुसकर युवक को बांधकर लूटा
सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने को प्रतियोगिताओं का आयोजन
इस दौरान आगामी 18 दिसंबर को डायरेक्टर जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (डीजीएमएस), चाईबासा द्वारा यूसिल की भूमिगत खदानों का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर आवश्यक सुझाव दिए जाएंगे, ताकि खदान कर्मियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। वहीं, जादूगोड़ा इकाई में भी 63वें वार्षिक मेटल माइंस सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत की गई। यहां खान प्रबंधक एन.वी.वी.एस. बाबू ने सुरक्षा झंडोत्तोलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर अमिताभ मिश्रा, के. राम संदीप, राजेश प्रसाद तथा यूनियन की ओर से संजय कुमार और राजा राम सिंह ने सुरक्षा विषय पर अपने विचार रखे।


























