- श्री रामनगर अखाड़ा की झंडा जुलूस में युवाओं ने दिखाए अद्भुत करतब
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को जादूगोड़ा पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ पड़ी, जहां मंत्रोच्चारण और भजन-कीर्तन से वातावरण गूंजता रहा। चैत्र नवरात्र के साथ रामनवमी के इस विशेष दिन पर मुसाबनी प्रखंड के उत्तरी इंचड़ा पंचायत अंतर्गत श्री रामनगर (धर्मडीह) में उत्सव का खास उत्साह देखने को मिला। श्री रामनगर अखाड़ा के बैनर तले सज्जन खेमका, नवीन प्रसाद और विक्की शर्मा के नेतृत्व में भव्य झंडा जुलूस निकाला गया। इस दौरान घोड़े पर सवार सज्जन खेमका के साथ नन्हे कलाकार लवकेश आकर्षण का केंद्र रहे। पूरा इलाका केसरिया ध्वजों और ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा, जिससे भक्तिमय ऊर्जा का संचार होता रहा।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : गोपालपुर में रामनवमी पर भव्य अखाड़ा मिलन जुलूस, गूंजे जय श्रीराम के नारे
शोभायात्रा में पारंपरिक शस्त्रों के साथ युवाओं ने दिखाया दमखम
जादूगोड़ा : श्री रामनगर अखाड़ा द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा में पारंपरिक शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। जुलूस में सबसे आगे सजे-धजे घोड़ों की जोड़ियां चल रही थीं, जिनके पीछे युवा तलवार, लाठी और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इन प्रदर्शनों ने लोगों को रोमांचित कर दिया और दर्शक दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर हो गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल और इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका। जनसहयोग और प्रशासनिक सतर्कता के चलते रामनवमी का यह पर्व पूरे उल्लास और शांति के साथ मनाया गया।
























