- स्वामी निगमानंद सरस्वती की स्मृति में चार दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव शुरू
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : अध्यात्म, भक्ति और श्रद्धा की त्रिवेणी में शनिवार को पूरा बहरागोड़ा डूबा नजर आया, जब स्वामी निगमानंद सरस्वती के 108वें चार दिवसीय सार्वभौम भक्त सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। बहरागोड़ा स्थित निगमानंद सारस्वत आश्रम के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव ने पहले ही दिन अपनी भव्यता से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, जिसमें श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था शामिल है। कई एकड़ भूमि पर फैले इस आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल बनाए गए हैं, जहां भक्तों के लिए हर दिन महाप्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
इसे भी पढ़ें : Potka : रामनवमी जुलूस में सेवा का अद्भुत उदाहरण, डीलर संघ ने बांटा पेयजल व मिठाई
भव्य शोभायात्रा में गूंजे भक्ति के जयकारे
सम्मेलन के प्रथम दिन सुबह एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्री श्री ठाकुर निगमानंद देव की आकर्षक झांकी मुख्य आकर्षण रही। शोभायात्रा आयोजन स्थल से निकलकर पूरे बाजार और प्रमुख सड़कों का परिभ्रमण करते हुए पुनः आश्रम पहुंची। इस दौरान शंख ध्वनि, हरिनाम संकीर्तन और ‘जय गुरु’ के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। चार दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन में देश के ख्यातिप्राप्त संत अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। विशेष रूप से स्वामी पुरुषोत्मानंद सरस्वती (असम सारस्वत मठ) और स्वामी अपूर्वानंद सरस्वती के प्रवचन मुख्य आकर्षण होंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम को विशेष धार्मिक अनुष्ठान और भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।


























