- 40 साल से ऊपर के जवानों में जोश-जज्बा बनाए रखने का प्रयास
- अनुभवी खिलाड़ियों ने दिखाया खेल के प्रति जुनून
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : राखा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह की पहल पर राखा कॉपर आवासीय फुटबॉल मैदान में पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के बीच वेटरन दोस्ताना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मैच का उद्देश्य 40 साल से ऊपर के जवानों में खेल के प्रति उत्साह और जज्बा बनाए रखना था। जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने शानदार बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से वेटरन जवानों में खेल भावना जीवित रहती है और आगे भी ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे। मैच ऋषव इलेवन और भोला इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें ग्रामीण एसपी की टीम ने 31 रन से जीत दर्ज की।
इसे भी पढ़ें : Dahigoda : दाहिगोड़ा में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती
ऋषव इलेवन की जीत में संजय शर्मा बने मैन ऑफ द मैच
पहली बल्लेबाजी करते हुए ग्रामीण एसपी ऋषव गर्ग की टीम ने 168 रन बनाए। जवाब में डीएसपी भोला प्रसाद की टीम केवल 137 रन ही बना सकी। इस तरह ऋषव इलेवन ने 31 रन से जीत हासिल की। मैच में संजय शर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। अम्पायर की भूमिका संदीप मिश्रा और आशीष कुमार सिंह ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य शिवम् कुमार और कुश कुमार सिंह ने किया। इस दोस्ताना मुकाबले ने साबित किया कि उम्र बढ़ने के बावजूद खेल के प्रति जुनून और जोश बरकरार रहता है।


























