- तीन दिवसीय बोर्ड ऑफ संथाली एजुकेशन परीक्षा में 60 विद्यार्थियों ने लिया भाग
- संथाली ओलचिकी में आयोजित परीक्षाओं से बढ़ रहा उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : नरवा पहाड़ यूसिल कॉलोनी में असेका की ओर से आयोजित बोर्ड ऑफ संथाली एजुकेशन की तीन दिवसीय शीतकालीन परीक्षा का रविवार को सफल समापन हो गया। यह परीक्षा 26 से 28 दिसंबर तक आयोजित की गई थी। परीक्षा के अंतिम दिन विभिन्न स्तरों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं। लोअर, हायर और मैट्रिक स्तर के विद्यार्थियों ने प्रथम पाली में गणित तथा दूसरी पाली में हिंदी और अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। वहीं 10+2 (कला) के परीक्षार्थियों ने सोशल साइंस और गणित की परीक्षा में भाग लिया। इस परीक्षा केंद्र पर कुल 60 छात्र-छात्राओं ने संथाली ओलचिकी भाषा में परीक्षा दी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : IES परीक्षा में सफलता पर संजय महतो को सरायकेला में सम्मान
संथाली भाषा में शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
असेका के महासचिव शंकर सोरेन और माझी बाबा वीरेन टुडू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परीक्षा चार संकायों—लोअर (पांचवीं के समकक्ष), हायर (आठवीं के समकक्ष), मैट्रिक (दसवीं के समकक्ष) और 10+2 (कला) स्तर पर आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि बहडागोड़ा सहित पूरे राज्य के 20 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 350 परीक्षार्थियों ने इसमें भाग लिया। यह परीक्षा वर्ष में दो बार, जून और दिसंबर माह में संथाली ओलचिकी भाषा में आयोजित की जाती है। परीक्षा के सफल संचालन में शंकर सोरेन, दुर्गा प्रसाद मुर्मू, सुराई मुर्मू, सुनीता हेंब्रम, शिक्षिका गुरु बारी सरदार, माझी बाबा वीरेन टुडू, दिलीप मुर्मू और बंगाल टुडू का अहम योगदान रहा।
























